शराब से भरे ट्रक पलटने से भागे ड्राइवर-मालिक गिरफ्तार:थाने से 3 किमी दूर एक्सीडेंट, साढ़े 7 घंटे बाद मिली सूचना, 350पेटी शराब

नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर सोहागपुर थाने से 3 किमी दूर करणपुर के पास 28 दिसंबर को अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक सड़क से नीचे उतर गया था। एक्सीडेंट रात 12 बजे हुआ था। मौके पर ड्राइवर भाग निकले थे। मामले में एक्सीडेंट की जानकारी सोहागपुर पुलिस को साढ़े 7 घंटे बाद मिली थी। एसडीओपी संजू चौहान, थाना प्रभारी ऊषा मरावी ने मौके पर पहुंचकर ट्रक से 64.65 लाख रुपए कीमत की 750 पेटी शराब जब्त की थी। एक्सीडेंट के एक सप्ताह बाद मंगलवार को आरोपी ड्राइवर देवेंद्र गोस्वामी और ट्रक मालिक चैन सिंह ठाकुर दोनों निवासी सोनकच्छ देवास ने खुद थाने आकर सरेंडर किया। आरोपियों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि गाय को बचाने के चक्कर में ट्रक सड़क से नीचे उतर गया था। गाय घायल हो गई थी। उन्हें डर था कि गाय के घायल होने से ग्रामीण मारेंगे। बचने के लिए वो लिफ्ट लेकर पिपरिया चले गए। जहां से वो ट्रेन, बस के माध्यम से सोनकच्छ पहुंच गए थे। ट्रक मालिक चैन सिंह ठाकुर, ड्राइवर देवेंद्र गोस्वामी को अवैध शराब परिवहन में पुलिस ने कोर्ट पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। इधर ; 1100 पेटी का परमिट, 350 पेटी चोरी हुई एक्सीडेंट के बाद दूसरे दिन ट्रक से जब्त शराब के मामले में ट्रांसपोर्टर ने इंदौर से सोहागपुर पहुंचकर शराब परमिट की होने का दावा किया। साहिल रोडवेज इंदौर के प्रतिनिधि हेमंत विश्वकर्मा का कहना है कि ट्रक में शराब की कुल 1100 पेटियां थीं, लेकिन पुलिस को मौके से 750 पेटी ही मिलीं। ट्रांसपोर्टर का आरोप है कि एक्सीडेंट के बाद 350 पेटी शराब चोरी हो गई है। उन्होंने सोहागपुर थाने में 350 पेटी शराब चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। साहिल रोडवेज के हेमंत विश्वकर्मा ने बताया कि बड़वाह (खरगोन) से मैकडॉवेल्स (MD) ब्रांड की 1100 पेटियां लोड होकर शहडोल के सरकारी आबकारी वेयरहाउस जा रही थीं। घटना की जानकारी उन्हें 28 दिसंबर को सुबह 9 बजे मिली। जब वे इंदौर से मौके पर पहुंचे, तो पुलिस शराब को दूसरी जगह रखवा चुकी थी। पुलिस ने 750 पेटी जब्त की हैं, जबकि 350 पेटी शराब मौके से अज्ञात लोगों ने चोरी कर ली। मंगलवार को हेमंत विश्वकर्मा सोहागपुर थाने और कोर्ट भी पहुंचे थे। उनके वकील ने परमिट संबंधी दस्तावेज दिखाए। सवाल: 3 किमी दूर हुए एक्सीडेंट की सूचना आने में कैसे लगे साढ़े 7 घंटे? आरोपी ड्राइवर के मुताबिक एक्सीडेंट 27-28 दिसंबर की रात 12 बजे करणपुर में हुआ है। घटनास्थल नर्मदापुरम पिपरिया स्टेट हाईवे पर सोहागपुर थाने से 3 किमी दूर है। एक्सीडेंट की सूचना 28 दिसंबर की सुबह 7.30 बजे सोहागपुर पुलिस को मिली। जिसके बाद डॉयल 112, सोहागपुर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे थे। ऐसे में दो सवाल उठ रहे है कि जब ट्रक का रात 12 बजे एक्सीडेंट हुआ तो फिर महज 3 किमी दूर स्थित थाने तक एक्सीडेंट और शराब से भरे ट्रक की। सूचना आने में इतना वक्त कैसे लगा? शराब की 1100 पेटी रखी थी तो 350 पेटी को कौन ले गया? इतनी बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां का बिना किसी लोडिंग वाहन के परिवहन कैसे हो सकता है? पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर स्थिति साफ कर सकती है। परमिट कैंसिल हो गया था, मौके से क्यों भागा ड्राइवर एसडीओपी संजू चौहान का कहना है कि ट्रक में लोड शराब का परमिट 28 दिसंबर 2025 की सुबह 4:56 बजे तक वैध था। जबकि ट्रक एक्सीडेंट हालत में सोहागपुर में सुबह मिला। सोहागपुर से जहां डिलीवरी होनी थी, वो 400 किमी दूर है। उसका परमिट 4.56 बजे ही कैंसिल हो गया था। दस्तावेज पूरे होने के बावजूद आरोपी क्यों भागे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *