शहडोल के ब्यौहारी क्षेत्र में दशहरा महोत्सव देखने गए एक परिवार के घर से 15 लाख रुपए से अधिक के जेवरात चोरी हो गए। गुरुवार रात घटना वार्ड नंबर 11 सेमारी रोड पर हुई। विवेक कुमार नामदेव अपने परिवार के साथ विजयादशमी का मेला देखने गए थे। इसी दौरान चोरों ने खाली घर का फायदा उठाया। चोरों ने लोहे की सब्बल से दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और दो घंटे के भीतर पूरे घर को खंगाल डाला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की परिवार जब मेला देखकर घर लौटा तो उन्होंने देखा कि अलमारी और बक्से टूटे पड़े थे और कीमती गहने और नकदी गायब थी। पीड़ित परिवार ने तुरंत ब्यौहारी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि थाने में कोई ऑपरेटर नहीं है और रिपोर्ट बाद में दर्ज की जाएगी। आज जिला मुख्यालय पर किया गया केस दर्ज थाने से रिपोर्ट दर्ज न होने पर निराश परिवार 110 किलोमीटर दूर शहडोल जिला मुख्यालय पहुंचा। वहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मिलकर अपनी फरियाद सुनाई, जिसके बाद उनकी शिकायत दर्ज की गई।


