शहडोल के सोहागपुर थाना क्षेत्र की न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सोमवार देर रात दो नशे में धुत युवतियों ने जमकर हंगामा किया। इस घटना से कॉलोनी में अफरातफरी मच गई और घंटों तक लोग परेशान रहे। आरोप है कि सूचना के बावजूद पुलिस मौके पर देरी से पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवतियां कॉलोनी के एक मकान में किराए पर रहती हैं और अक्सर शराब पीकर झगड़ा करती हैं। रविवार रात वे नशे की हालत में घर से बाहर निकल आई और सड़क पर एक-दूसरे को गालियां देने लगीं। इसके बाद उनमें धक्का-मुक्की और हाथापाई भी हुई। दोनों युवतियों के बीच 1 घंटे तक चला हंगामा युवतियों की चीख-पुकार और गाली-गलौज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। कॉलोनी के कई परिवारों ने सुरक्षा के मद्देनजर अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। यह हंगामा करीब एक घंटे तक चलता रहा, जिससे स्थानीय निवासी भयभीत और परेशान रहे। कुछ लोगों ने उन्हें शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे और उग्र हो गईं। कुछ निवासियों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हंगामे की सूचना तुरंत सोहागपुर थाने को दी गई थी, लेकिन पुलिस एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। कॉलोनी वासियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि किरायेदारों के सत्यापन की प्रक्रिया को सख्त किया जाए और कॉलोनी में बार-बार हंगामा मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।


