कोटा शहर में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस द्वारा व्यापक नाकाबंदी अभियान चलाया गया। यह अभियान शाम 6.30 बजे से 8.30 बजे तक शहर के सभी क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया। शहर एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि यह कार्यवाही DGP के आदेश एवं कोटा रेंज के DIG के निर्देशानुसार की गई। अभियान की मॉनिटरिंग स्वयं SP, एडिशनल एसपी एवं संबंधित डीएसपी द्वारा की गई। उन्होंने बताया कि नाकाबंदी के दौरान कुल 782 दुपहिया एवं चौपहिया वाहनों की जांच की गई। नियम विरुद्ध वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 272 चालान बनाए गए। वाहन के आवश्यक कागजात नहीं होने पर 11 वाहनों को जब्त किया गया। इनमें चार पावर बाइक (बुलेट) शामिल हैं, जिन पर अवैध साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी आवाज निकालने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके अतिरिक्त शराब पीकर वाहन चलाने वाले 11 वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया, वहीं सड़क पर उत्पात मचाने वाले 3 व्यक्तियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। एडिशनल एसपी दिलीप सैनी ने बताया कि नाकाबंदी नियमित रूप से अलग-अलग इलाकों एवं समय पर की जा रही है, ताकि अपराधियों में भय बना रहे। कई लोग पहचान छिपाने के लिए वाहन नंबर प्लेट बदल लेते हैं, काले शीशे या लाल पट्टी लगाते हैं, ऐसे संदिग्ध वाहनों की विशेष जांच की जाती है। उन्होंने बताया कि रात के समय कम उम्र के बच्चे तीन से अधिक सवारी बैठाकर वाहन चलाते हैं, जिससे उनकी जान को खतरा होता है और आवारा गर्दी करते हैं जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसे मामलों में चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।


