चतरा | सदर थाना पुलिस ने सोमवार को 13 वर्षों से फरार चल रहे एक कुर्की वारंटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार वारंटी शहर के लाइन मोहल्ला निवासी मो अब्दुल का पुत्र मो अली का नाम शामिल है। उसके विरुद्ध वर्ष 2013 में सदर थाना में चोरी का एक मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था। न्यायालय ने आरोपी के विरुद्ध कुर्की वारंट जारी कर रखा था। इसी बीच सोमवार को सदर थाना पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। भास्कर न्यूज | चतरा शहर के अंसार नगर वार्ड संख्या-15 में आगामी नगर परिषद चुनाव को लेकर स्थानीय नागरिकों की एक बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता मो. नाईम ने की। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने पूर्व के चुनावी अनुभवों के आधार पर अपने विचार रखे और कहा कि चुनाव में माहौल को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विकासोन्मुख बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। चर्चा के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि चुनाव में ऐसे प्रत्याशी का समर्थन किया जाए जो सभी समुदायों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता हो और नगर के समग्र विकास के लिए कार्य करने की क्षमता रखता हो।बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि अध्यक्ष पद के लिए ऐसे उम्मीदवार का समर्थन किया जाएगा, जिसकी छवि धर्मनिरपेक्ष, सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने वाली तथा जनहित में कार्य करने वाली हो। इसके लिए सभी स्तरों पर सहयोग देने की बात कही गई। विचार-विमर्श के क्रम में साथी शुक्ला का नाम सामने आया। उपस्थित लोगों ने कहा कि यदि वे चुनाव मैदान में उतरने के लिए सहमत होते हैं, तो वार्ड-15 की जनता उनके समर्थन में चुनावी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएगी।बैठक में अब्दुल गफुर, कयूमुद्दीन, मो. हकीम, मो. अलाउद्दीन, कौसर, मो. इजराइल सहित कई स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।


