शहर के गुरुद्वारों में वाहे गुरु के सिमरन के साथ की नये साल की शुरुआत

भास्कर न्यूज|लुधियाना नए साल की शुरुआत गुरुबाणी के साथ करने के लिए शहर के विभिन्न गुरुद्वारा साहिबों में विशाल कीर्तन समागम आयोजित किए गए। लाखों संगतों ने गुरु ग्रंथ साहिब जी के सामने वाहेगुरु के सिमरन के साथ नए साल का स्वागत किया। 12 बजते ही संगतों ने “बोल सो निहाल” के जयकारे लगाए और फूलों की वर्षा से गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी को निहाल किया। विशेष कीर्तन समागम दुगरी श्री सुखमणि साहिब गुरुद्वारा साहिब में हुआ, जहां रात 10 बजे भाई अरविंदर सिंह हजूरी रागी ने कीर्तन से संगत को निहाल किया। रात 11 बजे भाई गगनदीप सिंह ने मधुर गुरबाणी के स्वरों से संगत को जोड़ा और रात 12 बजे फूलों की वर्षा और जयकारों के बीच नए साल का स्वागत किया। इसी तरह, गुरुद्वारा सिंह सभा बीआरएस नगर और मॉडल टाउन एक्सटेंशन गुरुद्वारा साहिब में भी कीर्तन समागम आयोजित किए गए, जहां रागी जत्थों ने कीर्तन से संगतों को निहाल किया। इस मौके पर गुरुद्वारा प्रधान अरविंदर सिंह संधू, सत्यपाल सिंह, इंदरजीत सिंह मक्कड़ और अन्य ने संगत को नए वर्ष की बधाई दी और सिखी से जुड़ने की अपील की। सभी रागी जत्थों को सिरोपा डालकर सम्मानित किया गया, और गुरुद्वारा साहिब कमेटी ने लंगर और आतिशबाजी का आयोजन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *