शहर के चौक-चौराहों पर जाम अब आम है। सोमवार से शुक्रवार तक तो स्थिति काफी खराब रहती है। चौक-चौराहों के आसपास बेतरतीब खड़ी गाड़ियों व ठेले-खोमचे के कारण जाम और विकराल बन जाता है। कभी-कभी तो मिनटों का सफर तय करने में वाहन सवारों को घंटों समय लग जाते हैं। पुलिस के आला अधिकारियों का निर्देश है कि 50 मीटर के दायरे में कोई भी ऑटो, कार या वाहन खड़े रहने और ठेला-खोमचा लगाने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाए। पिछले 5 वर्ष में ट्रैफिक एसपी ने 7 और डीआईजी ने 2 बार चौक-चौराहों के 50 मीटर के दायरे को व्हीकल फ्री जोन रखने का निर्देश दिया है। इसके बाद भी ट्रैफिक जवानों के सामने ही ऑटो, कार व अन्य वाहन खड़े रहते हैं, लेकिन कोई उन्हें रोकने-टोकने तक की जहमत नहीं उठाता। भुगतना आम आदमी को पड़ रहा है, जो रोजाना जाम में फंसने पर ट्रैफिक व्यवस्था को कोसता है। अपनी खीझ निकालते हुए गंतव्य की ओर आगे बढ़ जाता है। ट्रैफिक एसपी कैलाश करमाली से जब जाम को लेकर बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने पहले तो फोन नहीं उठाया। तीसरी बार फोन करने पर दैनिक भास्कर के रिपोर्टर का नंबर ब्लॉक कर दिया। कब-क्या आदेश दिया गया 12 मई 2022 : पुलिस मुख्यालय की ओर से तत्कालीन प्रभारी ट्रैफिक एसपी अंशुमान कुमार को आदेश दिया गया था कि किसी भी हाल में चौक-चौराहों से 50 मीटर के दायरे में गाड़ी पार्क नहीं होने दें। 03 सितंबर 2024 : आईजी अखिलेश झा ने ट्रैफिक एसपी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी के साथ बैठक की। निर्देश दिया कि चौक-चौराहों से 50 मीटर के दायरे में गाड़ी पार्क करने की इजाजत नहीं होगी। 22 मार्च 2024 : तत्कालीन ट्रैफिक एसपी सुमित कुमार अग्रवाल शहर में भ्रमण कर रहे थे। बिरसा चौक के पास तैनात पुलिसकर्मियों निर्देश दिया था कि 50 मीटर के दायरे में किसी हाल में वाहन पार्क नहीं करने देंगे। 21 जनवरी 2025 : आईजी अखिलेश झा ने ट्रैफिक एसपी व सभी डीएसपी के साथ बैठक की। निर्देश दिया कि चौक-चौराहों के चारों ओर 50 मीटर के दायरे में वाहनों की पार्किंग नहीं होगी। नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। शहर के प्रमुख चाैक-चाैराहों का हाल कचहरी चौक : कचहरी चौक के पास दिनभर ऑटो व ई-रिक्शा का जमावड़ा लगा रहता है। सामने ही ट्रैफिक एसपी का कार्यालय है। प्रतिदिन वहां से ट्रैफिक एसपी व डीएसपी आना-जाना करते हैं। इसके बावजूद नियम का उल्लंघन कर रहे ऑटो चालकों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती। चालक सड़क पर ही ऑटो खड़ा कर कर सवारी बैठाने के लिए आवाज लगाते रहते हैं। इससे अक्सर कचहरी चौक के पास जाम लगता है। लालपुर चौक : लालपुर चौक के पास भी ऑटो और ई-रिक्शा चालकों का कब्जा रहता है। जाम की समस्या उत्पन्न होने के बावजूद ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी टोक-टाक नहीं करते। वरीय अधिकारियों के पहुंचने की सूचना के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मी रेस होते हैं, जिसके बाद सड़क पर लगाए गए ऑटो व ई-रिक्शा को हटवाया जाता है। जाकिर हुसैन पार्क के पास: राजभवन से किशोरी यादव चौक होते हुए रातू रोड की ओर आने-जाने वाले वाहन सवार को जाम से लगातार परेशानियां हो रही हैं। जाकिर हुसैन पार्क के पास सड़क पर ही ऑटो व ई-रिक्शा खड़े रहते हैं। ऐसे में उस मार्ग से आने-जाने वाले वाहन सवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, पर पुलिस कार्रवाई नहीं करती। आदेश नहीं मानने वालों पर कार्रवाई हो रही चौक-चौराहों से 50 मीटर के दायरे में वाहन या ठेले खोमचे लगाने की सख्त मनाही है। आदेश नहीं मानने वालों के खिलाफ कार्रवाई की हो रही है। जल्द अभियान चलाकर चौक से 50 मीटर के दायरे में गाड़ी पार्क करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पकड़े गए तो वाहन जब्त भी किए जाएंगे।
– प्रमोद केसरी, ट्रैफिक डीएसपी


