कानपुर में आईआईटी की रिसर्च स्कॉलर को यौन शोषण का शिकार बनाने वाले पूर्व एसीपी क्राइम मोहसिन खान गुरुवार को शहर में दिखाई दिए। उन्होंने शहर में घूम घूमकर बिसात बिछाई। मगर एसीपी अपना बयान दर्ज कराने के लिए एसआईटी के सामने हाजिर नहीं हुए। वहीं एसआईटी की अब तक की जांच में यह जानकारी हुई है कि एसीपी छात्रा को ज्यादातर लाइव म्यूजिक कॉनसर्ट में ले जाते थे। पुलिस के हाथ ऐसी कई वीडियो और फोटो लगी है। हर वीडियो की डीटेलिंग (कहां, कब, किस उद्देश्य से बनाई गई) कर रही है। कानपुर में भ्रमण के दौरान पूर्व एसीपी मोहसिन अपने साथ तैनात रहे एक इंस्पेक्टर से 16 मिनट तक मुलाकात की। इसके बाद वह कल्याणपुर इलाके में दिखाई दिए। कार में उनके साथ ड्राइवर व एक अन्य शख्स मौजूद था। जिन लोगों से मोहसिन मिल कर गया उन लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उनसे आईआईटी छात्रा से बात करने के लिए कहा है। जिससे कि वह अपने बयान वापस ले ले। जिससे कि उसकी नौकरी और समाज में हो रही बदनामी को रोका जा सके। यही नहीं मोहसिन अपनी सफाई देने के लिए कुछ पुलिस अफसरों के बंगले तक भी पहुंचे, लेकिन अफसरों ने उनसे दूरी बनाई रखी। छात्रा ने पहले ही जताई थी आशंका
छात्रा ने अपने बयानों में कहा था कि एसीपी मोहसिन ने अपनी शक्ति और प्रभाव का उपयोग कर डराने धमकाने और नुकसान पहुंचाने की हर संभव कोशिश की है। हालांकि आईआईटी परिसर में मोहसिन के पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूरे मामले से छात्रा मानसिक रूप से परेशान है। छोटी छोटी बातों पर वह डर जाती है। यही वजह है कि रिपोर्ट दर्ज होने के दूसरे दिन भी छात्रा का बयान दूसरे केस में दर्ज नहीं हो पाया है।


