भास्कर न्यूज | जालंधर सिटी में लुक बजरी की सड़कों का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। वजह है कि नए विकास के काम के टेंडर लगाने हैं, फिर वर्क आर्डर होने पर सड़कों का काम शुरू होगा। बारिश में सड़कों का निर्माण कार्य बंद हो जाएगा। मई और जून में ही सड़कों का निर्माण होना है। इसलिए निगम ने सभी हलके में पैच वर्क का काम शुरू कर दिया है। वैसे हाउस ने सेंट्रल, नॉर्थ, वेस्ट और कैंट हलके में 44 करोड़ से लुक बजरी और आरसीसी सड़कों के निर्माण पर मुहर लगी। निगम ने सोमवार को बस्ती शेख, श्मशानघाट रोड, बस्ती शेख माता चिंतपूर्णी मंदिर, 120 फीट रोड व फुटबॉल चौक पर पैच वर्क किए। सर्दी में लुक बजरी के प्लांट बंद हो गए थे, जो मार्च में मौसम गर्म होने पर शुरू हो गए हैं। वैसे निगम ने एक हफ्ते से ही लुक बजरी से सड़कों का निर्माण कार्य शुरू किया है, जबकि हाउस की मीटिंग में सभी हलके में लुक बजरी की सड़कों, आरसीसी सड़कों, इंटरलॉकिंग टाइल्स, पार्कों की मेंटेनेंस के लगभग 44 करोड़ के विकास कार्य के काम को मंजूरी मिली है। अब निगम लुक बजरी की सड़क और आरसीसी सड़क के लिए टेंडर लगाएगा। इसके बाद काम के वर्क ऑर्डर जारी होंगे। इसलिए अभी पुराने स्वीकृत काम ही शुरू किए हैं। इसमें डिफेंस कॉलोनी में लुक बजरी से सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया है, जो दाने से तीन दिन में पूरा होगा। इस संबंध में एसई रजनीश डोगरा ने कहा कि निगम ने डिफेंस कॉलोनी में लुक बजरी से सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है, जो जल्द पूरा होगा।


