राजधानी रांची के 53 वार्डों में 10 हजार से अधिक स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। लाइट लगाने आैर मेंटनेंस करने वाली कंपनी ईईएसएल का एग्रीमेंट समाप्त होने की वजह से पिछले छह माह से लाइटों की मरम्मत नहीं हो रही है। इससे शाम ढलते ही अधिकतर क्षेत्रों में अंधेरा पसर जाता है। इसका फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं। आए दिन रात में चोरी- छिनतई हो रही है। शहर में लाइटों की खराब स्थिति को देखते हुए निगम प्रशासक संदीप कुमार सिंह के निर्देश पर मरम्मत के लिए 15 टीमें बनाई गई हैं। सभी टीमों को चार जोन में बांटा गया है। निगम के उप प्रशासक ने बुधवार को सभी टीमों को रवाना किया। टीम के सदस्यों को अपने- अपने जोन में नियमित रूप से भ्रमण करके खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा संबंधित जोन के प्रभारी का मोबाइल नंबर जारी किया गया है। आम लोग अपने-अपने जोन के प्रभारी के पास लाइट खराब रहने की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निगम के कनेक्ट सेंटर का भी नंबर जारी किया गया है। अगर आपके क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट खराब हैं तो निगम के कनेक्ट सेंटर के नंबर 18005701235 पर फोन आैर व्हाट्सअप नंबर 8141231235 पर भी मैसेज भेज कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। 6 माह से शिकायत, पर नहीं होती मरम्मत नगर निगम के पूर्व पार्षदों ने बताया कि शहर में सबसे अधिक शिकायत स्ट्रीट लाइट की मेंटनेंस नहीं होने से संबंधित आती है। जितनी शिकायतें आती हैं, उनमें से 50 प्रतिशत का भी समाधान नहीं होता है। क्योंकि, विद्युत शाखा द्वारा इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया जाता। इसी का नतीजा है कि छह माह पहले शिकायत दर्ज कराने के बावजूद लाइट की मरम्मत नहीं होती। रातू रोड, मेन रोड, मोरहाबादी, हरमू, इरगू टोली, मधुकम सहित अन्य मुहल्लों में स्ट्रीट लाइट खराब रहने के कारण बच्चे बाहर निकलने से बचते हैं। 4 जोन के लिए अलग- अलग हेल्पलाइन नंबर जारी, अपने जोन के नंबर पर कर सकते हैं शिकायत जोन-1: मोबाइल नंबर- 7257000151 वार्ड नंबर – 01, 02, 26, 27, 28, 29, 30, 31, 32, 33, 34, 35, 36 जोन-2: मोबाइल नंबर – 9304011624 वार्ड नंबर- 03, 04, 05, 06, 07, 08, 09, 10, 11, 12, 18, 19, 47 जोन-3: मोबाइल नंबर- 7779893282 वार्ड नंबर- 13, 14, 15, 16, 17, 20, 21, 22, 23, 24, 25, 45, 46 जोन-4: मोबाइल नंबर- 9431798116 वार्ड नंबर- 37, 38, 39, 40, 41, 42, 43, 44, 48, 49, 50, 51, 52, 53


