जिंसी इलाके में भोपाल नगर निगम की ओर से बड़े दावों के साथ शुरू किया गया आधुनिक स्लॉटर हाउस एक महीने में ही विवादों में घिर गया। स्लॉटर हाउस की गाड़ी से जब्त 26 टन मांस की जांच में गोमांस की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट सामने आते ही गुरुवार को शहर में हंगामा मच गया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय का करीब 6 घंटे तक घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस कमिश्नर ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ जिंसी स्थित स्लॉटर हाउस पहुंची और 35 करोड़ रुपए के प्लांट को सील कर दिया। स्लॉटर हाउस का संचालन करने वाली कंपनी लाइवस्टॉक फूड प्रोसेसर प्रा. लि. के संचालक असलम कुरैशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जहांगीराबाद पुलिस ने इस मामले में 17 दिसंबर को असलम समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। रिपोर्ट आने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। 22 दिन पहले पकड़ी गई थी गाड़ी, अब मिली रिपोर्ट इस पूरे मामले पर नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर स्लॉटर हाउस को तत्काल सील कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।


