शहीद जवानों के परिवारों को मिलेगी मदद:पलामू में वित्त मंत्री ने किया ऐलान- दो-दो करोड़ रुपए और सरकारी नौकरी देंगे

पलामू जिले में मनातू मुठभेड़ में शहीद हुए दो जवानों के परिवार को राज्य सरकार बड़ी सहायता देगी। सोमवार को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने हैदरनगर क्षेत्र के शहीद जवानों के घर जाकर परिवार से मुलाकात की। बरेवा गांव के संतन मेहता और परता गांव के सुनील राम के परिवार को सरकार दो-दो करोड़ रुपए की सहायता राशि देगी। यह राशि सरकार और बैंक के बीच हुए समझौते के तहत दी जाएगी। इसमें एक-एक करोड़ रुपए बैंक से और एक-एक करोड़ रुपए सरकारी सेवाओं के तहत मिलेंगे। शहीद संतन मेहता का स्मारक भी बनेगा शहीद संतन मेहता की पत्नी सरिता देवी को विभाग में लिपिक पद पर नौकरी दी जाएगी। साथ ही बरेवा में मेन रोड से श्मशान घाट तक सड़क का निर्माण होगा। गांव में शहीद संतन मेहता का स्मारक भी बनेगा। वित्त मंत्री ने शहीद सुनील राम के परिवार से भी मुलाकात की। उन्होंने सभी सरकारी लाभ जल्द देने का आश्वासन दिया। जिला प्रशासन को सभी घोषणाओं को प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। 3 सितंबर को हुए थे शहीद गौरतलब है कि 3 सितंबर की रात मनातू के केदल गांव में टीएसपीएस के जोनल कमांडर और 10 लाख के इनामी उग्रवादी शशिकांत गंझू को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला हुआ था। इस हमले में दो जवान शहीद हो गए थे और एक घायल हो गया था। सोमवार को भी हुसैनाबाद और आसपास के क्षेत्रों में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *