पुलवामा आतंकी हमले में राजसमंद के बिनोल गांव के शहीद नारायण लाल गुर्जर की प्रतिमा का आज अनावरण किया गया। अनावरण समारोह में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, माण्डल विधायक उदयलाल भडाणा, समाजसेवी जगदीश पालीवाल सहित ग्रामीण व शहीद का परिवार मौजूद रहा। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि अमर शहीद नारायण लाल गुर्जर की 6वीं पुण्यतिथि पर उन्हें प्रतिमा अनावरण का अवसर मिला। अमर शहीद नारायण लाल गुर्जर का जीवन आने वाली पीढ़ियों को सदियों तक प्रेरणा देता रहेगा। हमें उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुआ आतंकी हमला हर देश वासी को झकझोर गया। हमारे देश ने 40 वीर सपूतों को खोया जिनकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती, लेकिन भारत सरकार ने मुंहतोड़ जवाब देने में भी कोई कमी नहीं छोड़ी। गृह राज्य मंत्री ने कहा कि मेवाड़ की यह पावन धारा त्याग, तपस्या और बलिदान की भूमि है। इस भूमि ने सांगा, प्रताप जैसे कई वीरों को जन्म दिया है। यह भूमि पूरे विश्व को प्रेरणा देती है। उन्होंने शहीद नारायण लाल गुर्जर की वीरांगना एवं समस्त परिजनों को प्रणाम किया और कहा कि आप सभी हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। कार्यक्रम में कुंभलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ व मांडल विधायक उदयलाल भडाणा ने भी संबोधित किया।


