भास्कर न्यूज | अंबिकापुर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी सरगुजा ने बुधवार को लुण्ड्रा के चीतालाता क्षेत्र के शहीद भाई-बहन कंवल साय और पिछारी बाई को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण इकट्ठा हुए और शहीदों की स्मृति में लाल झंडा फहराकर पुष्पांजलि अर्पित की। बता दें कि वर्ष 1989 में सरगुजा के लुण्ड्रा क्षेत्र में सीपीआई द्वारा चलाए गए भूमि आंदोलन के तहत सैकड़ों एकड़ जमीन रसूखदारों और सूदखोरों के कब्जे से मुक्त कर गरीब आदिवासी व किसानों को वापस दिलाई थी। आंदोलन के दौरान प्रशासन, साहूकारों और राजनीतिक षड्यंत्र के चलते सीपीआई के दो सक्रिय सदस्य कंवल साय और उनकी बहन पिछारी बाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी, तभी से हर वर्ष 17 सितंबर को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष भी सती टिकरा (ग्राम राई) में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें भटगांव, अंबिकापुर, लुण्ड्रा, राजपुर, कुसमी और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। उपस्थित कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लाल सलाम किया। कार्यक्रम में कामरेड मनोज पांडे, वेद प्रकाश अग्रवाल, प्रितपाल सिंह अरोरा, अनिल द्विवेदी, चरणप्रीत सिंह सहित अनेक नेता शामिल हुए। इस दौरान पुराने कम्युनिस्ट साथियों सरपंच सोमार साय, दर्शन सिंह, सुखसागर, मानसाय, अयूब खान और प्रेम प्रकाश का सम्मान किया। संचालन कामरेड मनोज पांडे ने किया। श्रद्धांजलि देने पहुंचे स्थानीय लोग व सीपीआई के सदस्य।


