भास्कर न्यूज | चिरमिरी प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ आज पूरे उत्साह और सेवा भाव के साथ चिरमिरी में किया गया। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष पखवाड़े की शुरुआत जिला अस्पताल परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर व विशाल स्वास्थ्य शिविर से की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उनके साथ भारतीय जनता पार्टी की जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। शुभारंभ अवसर पर मंत्री जायसवाल ने रक्तदान शिविर का अवलोकन किया और रक्तदान कर रहे युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, जो अनगिनत जीवन बचाने में सहायक होता है। उन्होंने युवाओं को उनके उत्साह और सेवा भाव के लिए शुभकामनाएं भी दीं। दोपहर 12 बजे तक रक्तदान शिविर में 10 यूनिट रक्त इकट्ठा किया जा चुका था। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने इस शिविर में कुल 200 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा है। रक्तदान का कार्य लगातार जारी है और उम्मीद जताई जा रही है कि लक्ष्य पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित विशाल स्वास्थ्य शिविर में रायपुर से आई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम विभिन्न गंभीर बीमारियों की जांच और उपचार उपलब्ध करा रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती तक यह सेवा पखवाड़ा पूरे देश में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता और सामाजिक कल्याण से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका लाभ नागरिकों को मिलेगा। चिरमिरी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर से जिलेभर के नागरिक लाभान्वित होंगे। यहां पर सामान्य रोगों से लेकर हृदय, अस्थि, नेत्र व महिला रोगों की विशेषज्ञ जांच और उपचार उपलब्ध है।


