शाजापुर जिला अस्पताल की मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) बिल्डिंग में लगी लिफ्ट पिछले लगभग 10 दिनों से बंद है। इसके कारण अस्पताल में इलाज के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को सीढ़ियों से ऊपर-नीचे आना-जाना पड़ रहा है, जिससे गर्भवती महिलाओं को विशेष कठिनाई हो रही है। अस्पताल में अपनी पत्नी को उपचार के लिए लाए विक्की परिहार ने बताया कि लिफ्ट बंद होने के कारण उनकी गर्भवती पत्नी को सीढ़ियों के सहारे दूसरी मंजिल तक ले जाना पड़ा। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी की डिलीवरी हो चुकी है, और लिफ्ट बंद होने से उन्हें आवाजाही में काफी दिक्कतें आईं। कई अन्य गर्भवती महिलाएं भी लिफ्ट खराब होने के कारण असुविधा का सामना कर रही हैं। परिजनों को मरीजों को सहारा देकर सीढ़ियों से ऊपर ले जाना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना का जोखिम भी बना हुआ है। इस संबंध में अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. बीएस मैना ने बताया कि लिफ्ट किसी तकनीकी खराबी के कारण बंद थी। उन्होंने बताया कि लिफ्ट की मरम्मत के लिए इंदौर से मैकेनिक बुलाया गया है और सुधार कार्य जारी है। डॉ. मैना के अनुसार, लिफ्ट एक-दो घंटे में चालू कर दी जाएगी, जिससे मरीजों को राहत मिलेगी।


