शाजापुर एमपी स्टेट एग्रो कार्यालय चौकीदार को नौकरी से हटाया:दो दिन पहले ऑफिस के अंदर रात में दो युवतियां मिली थीं

शाजापुर में एमपी स्टेट एग्रो इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमपी स्टेट एग्रो) के जिला कार्यालय में कार्रवाई की गई है। आउटसोर्स कर्मचारी चौकीदार जितेंद्र मालवीय की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। जिला प्रबंधक सुनील चौधरी ने शुक्रवार रात करीब 7:30 बजे इसकी जानकारी दी। जितेंद्र मालवीय की नियुक्ति कंसल्टेंसी कंपनी भारत सिक्योरिटी फोर्स, भोपाल के माध्यम से हुई थी। कंपनी ने 19 दिसंबर 2025 से उनकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं। दो दिन पहले परिसर में युवतियों और युवकों को देखा गया था यह मामला बेरछा रोड स्थित पुरानी कृषि मंडी परिसर में एमपी स्टेट एग्रो के जिला कार्यालय और गोदाम से जुड़ा है। बुधवार रात करीब 11 बजे आसपास के लोगों ने परिसर में दो युवतियों और कुछ युवकों को आते-जाते देखा था। देर रात सुनसान परिसर में संदिग्ध गतिविधियां देखकर लोगों को शंका हुई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही दो युवक चैनल गेट पर ताला लगाकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने पत्थर और हथौड़ी की मदद से ताला तोड़कर कार्यालय में प्रवेश किया। अंदर एक कमरे में दो युवतियां मिलीं, जिन्हें पुलिस कोतवाली थाना ले आई। पुलिस पूछताछ में युवतियों ने बताया कि वे सलसलाई थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी हैं और बर्थडे पार्टी के लिए अपनी मर्जी से यहां आई थीं। उन्होंने किसी प्रकार की जबरदस्ती से इनकार किया। बुधवार रात करीब 1:30 बजे परिजनों के थाने पहुंचने के बाद युवतियों को उनके सुपुर्द कर दिया गया। टीआई संतोष वाघेला ने बताया कि अनैतिक गतिविधि की सूचना पर कार्रवाई की गई थी, लेकिन किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई, इसलिए आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने चौकीदार की सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *