इंदौर में गंदे पानी से 16 लोगों की मौत के बाद शाजापुर में अलर्ट है। यहां भी वार्ड 25 लक्ष्मीनगर में लोगों के घरों में भी लंबे समय से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। लोगों ने नगरपालिका पर लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला पार्षद के पति ने इसकी शिकायत की, लेकिन नहीं सुनी गई। शनिवार को नगरपालिका की टीम यहां जांच करने भी पहुंची। स्थानीय निवासी अविनाश शर्मा ने बताया कि घरों में नलों से बदबूदार और गंदा पानी कई दिन से आ रहा है। वार्ड में साफ-सफाई भी नहीं है। यहां गंदगी का अंबार है। नगर पालिका की टीम ने शनिवार को वार्ड में पाइपलाइन की जांच कर दूषित पानी के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया। लोगों का आरोप है कि कई दिनों से दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। कई बार पार्षद माया जाटव और नगर पालिका के अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। पार्षद पति बोले- कई बार अफसरों को शिकायत की वार्ड पार्षद माया जाटव के पति सुनील पेंटर ने बताया कि नगर पालिका के जिम्मेदारों को जानकारी दी थी, लेकिन अनसुना कर दिया गया। सड़क निर्माण के दौरान इंजीनियर से नल की पाइपलाइन को नीचे करने की बात कही थी, लेकिन उस पर भी सुनवाई नहीं हुई। निरीक्षण में कुछ जगह मिला लीकेज शिकायतों के बाद शनिवार को नगर पालिका में सहायक यंत्री सुरेन्द्र सजोतिया टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि पेयजल की पाइप लाइन में कुछ जगह लीकेज मिला है, उसे ठीक करवा दिया जाएगा। नगर पालिका सीएमओ भूपेंद्र दीक्षित ने बताया कि केवल दो वार्डों में गंदा पानी मिलने की शिकायत मिली थी। टीम ने वार्ड नंबर 25 में जाकर मुआयना कर पाइप लाइन चेक की थी। एक-दो जगह पाइप लाइन लीकेज हो रही है, उसे ठीक करवाया जा रहा है। इसके अलावा, वार्ड दो में भी शिकायत मिली है, उसे भी दिखवा रहे हैं। पत्नी पार्षद, पति संभाल रहे काम बता दें कि नगर पालिका के वार्ड 25 में भाजपा समर्थित पार्षद माया जाटव हैं। बावजूद वार्ड से जुड़े अधिकांश काम उनके पति सुनील जाटव देखते हैं। वहीं, नगर परिषद की बैठकों में ही पार्षद माया जाटव मौजूद रहती हैं। वार्डवासियों का कहना है कि क्षेत्र के विकास और समस्याओं के निराकरण में पार्षद पति सक्रिय रहती हैं।


