मावठे की बारिश के बाद सर्दी के सितम से जूझ रहे नगरवासियों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। अब तक ग्वालियर की ओर से आ रही सर्द हवाओं और घने कोहरे ने शाजापुर में जन जीवन को प्रभावित कर दिया था। इसकी वजह से लोगों की दिनचर्या और स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर हो रहा था। हेडलाइट के बावजूद वाहन चालकों को नहीं दिखा रास्ता ग्वालियर की ओर से आ रही सर्द हवाओं और कोहरे की वजह से पिछले तीन दिनों से शहरवासी ठिठुर रहे थे। बुधवार रात से कोहरे ने पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया था। गुरुवार सुबह जब लोग जागे तो घना कोहरा छाया हुआ था। इसकी वजह से दृश्यता काफी कम हो गई थी, जिससे वाहन चालकों को हेडलाइट जलाने के बावजूद सड़क पर कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। यह स्थिति सुबह 11 बजे तक बनी रही। इसके बाद जैसे ही आसमान साफ हुआ, तीन दिनों बाद लोगों को धूप देखने को मिली। स्थानीय मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि अब कोहरा धीरे-धीरे कम होगा। इसके साथ ही कड़ाके की सर्दी भी कम होने लगेगी। न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज गुरुवार को अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री से बढ़कर 24.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री से घटकर 7.3 डिग्री पर आ गया। धनोतिया के अनुसार, शुक्रवार से कोहरे और सर्दी से राहत मिलने लगेगी। आगामी दो-तीन दिनों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंच सकता है।


