शाजापुर में उचित मूल्य दुकानों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू:खाद्य अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, मांगों के निराकरण की मांग

शाजापुर में उचित मूल्य दुकानदार कल्याण संघ समिति ने अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। समिति ने सोमवार दोपहर करीब 3 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम खाद्य अधिकारी देवेंद्रप्रताप शर्मा को ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया गया कि लंबे समय से उचित मूल्य दुकानों के संचालन से जुड़ी मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिससे दुकानदार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उचित मूल्य दुकानदार कल्याण संघ समिति के जिला अध्यक्ष शीतल बारकिया ने जानकारी दी कि नगर सहित जिले की सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेगा। दुकानदारों की प्रमुख मांगों में खाद्यान्न वितरण पर मिलने वाले कमीशन को बढ़ाकर 200 रुपये प्रति क्विंटल करना शामिल है। इसके साथ ही, कमीशन का भुगतान प्रत्येक माह की पहली तारीख को सुनिश्चित करने और खाद्यान्न में 500 ग्राम प्रति क्विंटल घटती का प्रावधान लागू करने की भी मांग की गई है। संघ ने यह भी मांग की है कि प्रतिमाह (पार्टबिलिटी सहित) दुकानों को मिलने वाला संपूर्ण खाद्यान्न आवंटन एक साथ प्रदान किया जाए, ताकि वितरण प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। संघ का कहना है कि इन मांगों के पूरा न होने के कारण दुकान संचालन घाटे का सौदा साबित हो रहा है। दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि जब तक शासन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता, तब तक यह हड़ताल जारी रहेगी। इस हड़ताल के कारण सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *