शाजापुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार दोपहर महुपुरा चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। यह इंदौर में दूषित पानी पीने से 16 बच्चों की मौत और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के कथित असंवेदनशील बयानों के विरोध में हुआ। इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने हाथों में घंटियां लेकर नारेबाजी की और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया। आधे घंटे तक घंटियां बजाकर किया प्रदर्शन विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट पर रहा। महुपुरा से टंकी चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक कार्यालय की ओर बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही रोक लिया। कार्यकर्ताओं ने करीब आधे घंटे तक घंटियां बजाकर प्रदर्शन किया और बाद में पुलिस को चकमा देकर मंत्री का पुतला जला दिया। सरकार पर लापरवाही, असंवेदनशीलता का लगाया आरोप मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता आशुतोष शर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार विफल हो चुकी है और उनके मंत्री बेलगाम हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में आए दिन निर्दोष लोगों की मौत हो रही है, लेकिन सरकार जवाबदेही लेने के बजाय सवाल पूछने वालों को दबा रही है। भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी कांग्रेस नेता आशुतोष शर्मा ने सिरप पीने से 22 बच्चों की मौत और इंदौर में दूषित पानी से 16 बच्चों की जान जाने का जिक्र किया। शर्मा ने कहा कि यदि सरकार जनता को शुद्ध पेयजल भी उपलब्ध नहीं करा सकती, तो उसे सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की संख्या कम दिखी, जिससे संगठन के भीतर गुटबाजी भी सामने आई। इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामियों के खिलाफ उनका संघर्ष जारी रहेगा।


