शाजापुर के हरणगांव में एक किसान ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हो गया। फेसबुक पर थ्रेशर मशीन का विज्ञापन देखकर किसान ने संपर्क किया और करीब 4 लाख का भुगतान कर दिया, लेकिन मशीन नहीं मिली। लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे के अनुसार, ग्राम हरणगांव निवासी होकमसिंह गुर्जर को खेती के लिए थ्रेशर मशीन की जरूरत थी। 2 जनवरी को उन्होंने फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें राजस्थान के मनोहरपुर में नई और पुरानी थ्रेशर मशीनें उपलब्ध होने का दावा किया गया था। होकमसिंह ने विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क किया, जहां एक व्यक्ति ने खुद को बाबूलाल जाला बताया और मशीन की कीमत 3 लाख 85 हजार रुपए बताई। सौदा तय होने के बाद, 5 से 30 जनवरी के बीच होकमसिंह ने बाबूलाल के कहने पर पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। पैसे मिलने के बाद बाबूलाल ने दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क कर मशीन की जल्द डिलीवरी का आश्वासन दिया। लेकिन जब लंबे समय तक मशीन नहीं मिली, तो होकमसिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


