शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया में सोमवार शाम हिंदू जागरण मंच ने बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू दास के साथ हुई अमानवीय घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। मंच के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड पर पुतला दहन कर आक्रोश जताया। राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन प्रदर्शन के बाद हिंदू जागरण मंच के प्रतिनिधियों ने मोहन बड़ोदिया के नायब तहसीलदार मुकेश गुप्ता को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों को लेकर चिंता जताई गई। मानवाधिकार के उल्लंघन का आरोप हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक प्रेम सिंह राजपूत ने कहा कि दीपू दास के साथ हुई घटना से देश का हिंदू समाज आहत और आक्रोशित है। उन्होंने इसे मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताया और कहा कि इससे बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। केंद्र सरकार से कूटनीतिक पहल की मांग ज्ञापन में भारत सरकार से मांग की गई है कि वह कूटनीतिक स्तर पर बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाए। इसमें घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और वहां रह रहे हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई। बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद हिंदू जागरण मंच ने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति इस गंभीर विषय पर उचित कार्रवाई करेंगे। प्रदर्शन के दौरान मंच के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग उपस्थित रहे।


