शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया तहसील के ग्राम दुधाना की एक किसान ने यूरिया खाद की कालाबाजारी का आरोप लगाया है। किसान ने भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों के साथ मिलकर सहायक कृषि विकास अधिकारी (SADO) को आवेदन दिया है और संबंधित केंद्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। किसान पेपकुंवर बाई ने अपने आवेदन में बताया कि उनके ई-टोकन पंजीकरण में जमीन के आधार पर 34 बोरी यूरिया खाद जारी की गई थी। उन्होंने जय बाबारी कृषि सेवा केंद्र (टिकोन वाले), सारंगपुर रोड, मोहन बड़ोदिया से खाद की मांग की। ऐसे की कालाबाजारी केंद्र ने उनके 34 बोरी के पंजीयन के बावजूद 20 बोरी की मांग पर केवल 12 बोरी खाद दी। किसान ने 12 बोरी का भुगतान कर खाद खरीदी। किसान के अनुसार, जब उन्होंने 28 नवंबर को शेष 22 बोरी यूरिया खाद के लिए दोबारा ई-टोकन स्लॉट बुक करने का प्रयास किया, तो उन्हें पता चला कि जय बाबारी कृषि सेवा केंद्र द्वारा पहले ही उनके नाम पर 34 बोरी खाद आवंटित कर दी गई थी। किसान का आरोप है कि केंद्र ने धोखे से शेष 22 बोरी खाद निकालकर कालाबाजारी की है। किसान ने मांग की है कि ऐसी धोखाधड़ी अन्य किसानों के साथ न हो, इसलिए जय बाबारी कृषि सेवा केंद्र पर उचित कार्रवाई की जाए। आंदोलन की चेतावनी भारतीय किसान संघ मोहन बड़ोदिया के तहसील अध्यक्ष शंकर कुंभकार ने कहा कि यदि आवेदन पर कार्रवाई नहीं होती है, तो संघ उग्र आंदोलन करेगा। इस संबंध में मोहन बड़ोदिया के SADO अमित यादव ने बताया कि दुकान संचालक को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जवाब मिलने और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।


