शाजापुर में बुधवार दोपहर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के बाहर शहरी हाईवे पर छात्रों ने चक्काजाम कर दिया। उनका आरोप है कि कॉलेज के सामने लगातार हो रहे सड़क हादसों से विद्यार्थियों की जान को खतरा है। सड़क पर बैठकर की नारेबाजी दोपहर करीब 1:30 बजे हुए इस प्रदर्शन में छात्र-छात्राओं ने सड़क पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा खतरे में है। स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन दिया था। इसमें उन्होंने उक्त स्थान पर स्पीड ब्रेकर और सांकेतिक चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मांगें पूरी न होने और हादसों की बढ़ती संख्या को देखते हुए, उन्हें मजबूरन यह विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। प्रदर्शन से यातायात प्रभावित हुआ प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही लालघाटी थाना पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस फिलहाल युवकों को समझाकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास कर रही है।


