शाजापुर में नई सड़क के पास नीमवाड़ी में नगर पालिका बनाए गए शौचालय घर को हटाकर दुकानें बनाई गई हैं। इस कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों और आमजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक स्थानीय व्यापारी ने इस संबंध में कलेक्टर को शिकायत की है। आवेदन में बताया गया है कि शहर के प्रमुख मार्ग नई सड़क पर अब एक भी सुलभ शौचालय नहीं है। वर्षों से मौजूद एकमात्र सुलभ शौचालय को भी तोड़कर उसके स्थान पर दुकानों का निर्माण कर दिया गया है। सुलभ शौचालय नहीं, व्यापारियों को हो रही दिक्कत स्थानीय व्यापारियों और आमजनों के लिए यहां सुलभ शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं बची है। नगर पालिका ने पहले एक चलित पेशाब घर की व्यवस्था की थी, लेकिन उसे भी बाद में हटा दिया गया। व्यापारियों ने बताया कि पेशाब घर हटाए जाने के बाद उन्हें चौक बाजार या बस स्टैंड तक जाना पड़ता है, जिसकी दूरी लगभग आधा किलोमीटर है। शुगर से पीड़ित मरीजों को भी इस कारण विशेष दिक्कतें हो रही हैं। शौचालय घर के अभाव में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से तत्काल यहां सुलभ शौचालय की व्यवस्था करने की मांग की है।


