शाजापुर पिछले दिनों से शहरवासी सूरज के दर्शन ओर धूप की गर्मी को तरस रहे थे। सोमवार को मौसम खुला और आसमान की ओट में छुपे सूर्य नारायण के दर्शन हुए। उम्मीद थी कि सर्दी से राहत मिलेगी लेकिन सर्द हवाओं की वजह से यह उम्मीद अधूरी रह गई और लोगों को दिनभर सर्दी से राहत नहीं मिली। मंगलवार सुबह से सर्द हवाओं का दौर जारी है। सोमवार की तरह मंगलवार को भी दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई, जिससे सुबह से ही लोग ठिठुर रहे थे। बाद जब कोहरा कम हुआ तब सूर्य की किरणे दिखाई दी। उम्मीद थी कि अब सर्दी से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह से रात तक सर्द हवाओं ने शहर में डेरा डाले रखा, जिससे लोगों को धूप में भी सर्दी का एहसास हो रहा था। जिसके चलते लोगों को अलाव के सहारे दिन गुजारना पड़ा। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि अब मौसम ऐसा ही बना रहेगा। जिसमें ज्यादा परिवर्तन की संभावना नहीं है और जनवरी में मौसम सर्द बना रहेगा। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में बारिश की भी संभावना नहीं है और प्रतिदिन कोहरा छाएगा, जिसकी विजिबिलिटी कभी कम तो कभी ज्यादा रहेगी।


