शाजापुर पुलिस ने मंगलवार को हनी ट्रैप गैंग की मुख्य सरगना महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी रानू मंसूरी ने एक युवक को जन्मदिन पार्टी का बहाना बनाकर होटल में बुलाया और नशीला पदार्थ खिलाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। घटना 4 जनवरी की है, जब आरोपी ने पीड़ित को पुष्प कमल होटल में बुलाया। वीडियो बनाने के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने पीड़ित को फोन और वॉट्सएप पर धमकी देकर पैसों की मांग की। धमकी दी गई कि अगर पैसे नहीं दिए तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि पीड़ित ने 9 जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि 25 दिसंबर से रानू मंसूरी लगातार फोन कर जरूरी काम का बहाना बना रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और 13 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उसके घर बेरछा से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किया है। पूछताछ में अन्य मामलों का खुलासा होने की संभावना है। गैंग का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना कोतवाली की पूरी टीम शामिल थी। साथी करता था मालदार लोगों की तलाश, फिर बनाते शिकार तलाशी में पुलिस को एक 3 लाख रुपए का चैक और महिला आरोपी रानू मंसूरी का फोटो लगा फर्जी आधार कार्ड, जिसमें उसका नाम मधु पिता दिनेश अग्रवाल निवासी मांगलिया इंदौर लिखा था। पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की उसने अपना नाम पूरा नाम रानू पिता शकूर खां (26) निवासी बेरछा बताया। साथ ही बताया कि उसका साथी आरोपी इंदर गुर्जर निवासी सुल्तानपुरा बेरछा मालदार लोगों की तलाश करता था। जिन्हें वह अपने जाल में फंसा कर उसका अश्लील वीडियो बना लेती। बाद में इंदर गुर्जर निवासी सुल्तानपुरा बेरछा उनका अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देता और लाखों में रुपए वसूल कर लेता था। फिलहाल आरोपी का साथी इंदर गुर्जर निवासी सुल्तानपुरा बेरछा फरार है, जिसकी तलाश जारी है। दो लाख का हिडन वेब कैमरा मिला आरोपियां रानू मंसुरी ने अपने मेमोरंडम में घटना में प्रयुक्त मोबाइल और इस तरह के कार्य में प्रयुक्त अन्य 9 मोबाइल और 2 लाख रुपए एक हिडन वेब कैमरा भी अपने पास होना बताया है। घटना में प्रयुक्त मोबाइल नंबर के आधार पर सीडीआर प्राप्त कर प्रकरण में अन्य पीड़ित और आरोपी की तलाश की जाएगी।


