बारां के समरानियां में रहने वाले एक दंपती ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ को यादगार बनाते हुए एक अनूठी पहल की है। तुषार जैन और उनकी पत्नी नीलिमा जैन ने अपनी शादी की सालगिरह के मौके पर नेत्रदान का संकल्प लिया है। तुषार ने बताया कि उनके इस निर्णय के पीछे उनके स्वर्गीय दादा रमेश चंद जैन की प्रेरणा है, जिन्होंने अपने जीवन में नेत्रदान किया था। दंपती का मानना है कि उनके नेत्र भविष्य में किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए रोशनी का कारण बन सकेंगे। दंपती ने शाइन इंडिया फाउंडेशन के माध्यम से यह संकल्प लिया है। संस्था के आई बैंक तकनीशियन टिंकू ओझा ने उन्हें नेत्रदान संकल्प पत्र भरवाया। संस्था के संस्थापक डॉ. कुलवंत गौड़ ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।


