भास्कर न्यूज | अंबिकापुर जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम उलकिया से करीब पांच माह पहले एक शादी समारोह से चोरी गई बाइक पुलिस ने बरामद किया। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि ग्राम सोनतराई भूलसी टिकरा निवासी फिरोज लकड़ा की बाइक 22 मई को ग्राम उलकिया में एक शादी समारोह से चोरी हो गई थी। रिपोर्ट पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इस बीच मंगलवार को चोरी की बाइक में घुमते जशपुर जिले के पत्थलगांव दीवानपुर निवासी राजेश कुमार यादव में मिला। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बाइक चोरी करने की बात कबूल कर ली। जब्त बाइक फिरोज लकड़ा की निकली। पुलिस ने आरोपी युवक राजेश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बाइक जब्त कर लिया।


