भास्कर न्यूज | बालोद जिला मुख्यालय से 2.5 किलोमीटर दूर नयापारा बालोद बाइपास के पास ग्राम धनगांव निवासी नागेश्वर साहू से मारपीट कर 5500 रुपए लूटपाट करने का मामला सामने आया है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जिला मुख्यालय के प्राइवेट अस्पताल क्लिनिक में कार्यरत नागेश्वर ने जानकारी दी है कि 14 मई को शाम 7.15 बजे बाइक में बालोद से घर जा रहा था। इस दौरान नयापारा बाइपास के पास शाम 7.30 बजे बाइक खड़ी कर तरूण व उनके दो दोस्तों ने रोककर गाली गलौज की। हाथ, मुक्का व बेल्ट से मारपीट की। जेब में रखे 5 हजार 500 रुपए को निकाल लिया। जिसके बाद तीनों बाइक में बिठाकर अपने साथ कपिलेश्वर मंदिर की ओर ले जा रहे थे। तभी नयापारा बालोद कपिलेश्वर मंदिर टर्निंग के पास बाइक की स्पीड स्लो होने पर कूदने का प्रयास किया तो बाइक से चारों गिर गए। लोगों को देखकर तीनों मुझे छोड़कर बाइक से चले गए। बालोद थाने में 3 लोगों के खिलाफ धारा 126, 140 (3), 296, 309 (6), 351 (3) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।


