भास्कर न्यूज|गुमला गुमला चैंबर ऑफ कॉमर्स का चुनाव 19 जनवरी को सुबह के 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसी दिन शाम 6 बजे से मतगणना का कार्य किया जाएगा। देर रात तक परिणाम सामने आ जाएंगे। मतदान व मतगणना का कार्य नगर भवन में संपन्न होगा। चुनावी प्रकिया की जानकारी देने के लिए मुख्य चुनाव पदाधिकारी रमेश कुमार चीनी की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें बताया गया कि चुनावी प्रकिया में 1000 मतदाता भाग लेंगे। मतदाता सूची का प्रकाशन और नाम सुधार की प्रकिया 6 व 7 जनवरी को दोपहर तीन से पांच बजे तक संपन्न होगा। नामांकन पत्रों की बिक्री व नामांकन 8 व 9 जनवरी, नामांकन पत्रों की जांच 10 जनवरी, नाम वापसी और क्रमांक वितरण 11 जनवरी को होगा। उपरोक्त सभी कार्य चैंबर कार्यालय होटल सिद्धि विनायक बस स्टैंड में संपन्न होंगे। मौके पर सहायक चुनाव पदाधिकारियों में शामिल पवन अग्रवाल, हिमांशु केशरी, दिनेश अग्रवाल, सत्यनारायण पटेल के अलावे अध्यक्ष दामोदर कसेरा, सचिव बबलू वर्मा व अमर प्रदीप कुजूर शामिल थे।


