शारीरिक, मानसिक व नैतिक विकास के लिए खेल जरूरी: सिंहदेव

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर होली क्रॉस कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर में मंगलवार को वार्षिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों में खेल भावना को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ सरगुजा रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष व मुख्य अतिथि आदितेश्वर शरण सिंहदेव ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत मशाल दौड़ के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने एक आकर्षक और अनुशासित परेड का प्रदर्शन किया। परेड का नेतृत्व विद्यालय की वाइस प्रेसिडेंट महिमा राजवाड़े ने किया। रेड, ग्रीन, येलो और ब्लू हाउस के सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों ने अपने-अपने दलों के साथ मार्च-पास्ट किया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेविकाएं, गाइड दल, प्राइमरी वर्ग के विद्यार्थी और बैंड ग्रुप ने भी परेड में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। परेड के बाद सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना और ईमानदारी की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया। इसके बाद विभिन्न मनोरंजक और प्रतिस्पर्धात्मक खेलों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मंच पर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि आदितेश्वर शरण सिंहदेव ने विद्यार्थियों को खेलों का महत्व बताते हुए कहा कि शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास में खेल का महत्वपूर्ण योगदान है। विशिष्ट अतिथि फादर जॉन जायसवाल कुजूर ने भी बच्चों को प्रेरक संदेश देते हुए अनुशासन और समर्पण पर बल दिया। कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के लिए भी विशेष मनोरंजक खेल आयोजित किए गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *