भास्कर न्यूज | चिरमिरी शासकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़ा बाजार चिरमिरी के कक्षा 12वीं (कला) में अध्ययनरत छात्र अंकित आत्मज अमित कुमार ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता क्रिकेट बालक 19 वर्ष वर्ग में स्थान बनाकर विद्यालय व क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। सलामी बल्लेबाज के रूप में शानदार प्रदर्शन कर अंकित ने ब्लॉक से लेकर राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अंकित ने सबसे पहले क्रिकेट बालक 19 वर्ष ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जहां वह सलामी बल्लेबाज के रूप में चयनित होकर जिला स्तरीय टीम के लिए चुना गया। इसके बाद 25 जुलाई को सेजेस मनेंद्रगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी उन्होंने दमदार प्रदर्शन कर संभागीय टीम में जगह बनाई। संभाग स्तर की प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन ने उन्हें और अधिक मजबूती दिलाई, जिसके आधार पर वे कॉलेज ग्राउंड अंबिकापुर में आयोजित अगले चरण में भी सफल रहे और राज्य टीम में शामिल किए गए। इसके बाद 1 से 4 सितंबर तक गौरेला-पेंड्रा-मरवाह ी में आयोजित राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में अंकित ने सरगुजा संभाग की ओर से सलामी बल्लेबाज के रूप में खेलते हुए श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसी उत्कृष्टता के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया। बता दें कि संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा, सरगुजा संभाग, अंबिकापुर के आदेशानुसार यह प्रतियोगिता रोहतक (हरियाणा) में 5 से 9 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता से पूर्व बिलासपुर में आयोजित कोचिंग कैंप के लिए रवाना होने से पहले विद्यालय परिवार ने अंकित का गरिमामय सम्मान किया। विद्यालय के प्राचार्य बलविंदर सिंह, व्यायाम अनुदेशक कमल सिंह नायक व सभी स्टाफ ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दी। प्राचार्य ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित कर विद्यालय की ओर से उन्हें ट्रैकसूट प्रदान किया। स्टाफ सदस्यों ने भी अंकित के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


