भास्कर न्यूज | चिरमिरी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोमनहिल में राजनीति विज्ञान विषय के अंतर्गत न्यायपालिका और सूचना का अधिकार अधिनियम पर विशेष अतिथि शिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अधिवक्ता व आरटीआई एक्टिविस्ट राजकुमार मिश्रा रहे। यह शैक्षणिक सत्र विद्यालय की प्राचार्य रजनी सोलोमन के मार्गदर्शन और व्याख्याता के. प्रफुल्ल रेड्डी के संयोजन में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया। स्वागत भाषण में व्याख्याता के. प्रफुल्ल रेड्डी ने इस अतिथि शिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और विद्यार्थियों के लिए इसकी शैक्षणिक उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। अतिथि शिक्षक राजकुमार मिश्रा ने लोकतंत्र के तीन प्रमुख स्तंभों में से न्यायपालिका की भूमिका, संरचना और अधीनस्थ न्यायालयों की कार्यप्रणाली पर विद्यार्थियों को सरल और प्रभावी ढंग से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम पर चर्चा कर इसकी शुरुआत, आवेदन प्रक्रिया और नागरिक जीवन में इसकी महत्ता से विद्यार्थियों को अवगत कराया। मिश्रा द्वारा दिए गए उदाहरणों ने विद्यार्थियों की समझ को और भी स्पष्ट किया। विषय-वस्तु प्रस्तुतिकरण के बाद विद्यार्थियों ने न्यायपालिका और आरटीआई से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान मिश्रा ने संतोषजनक ढंग से किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्कूली जीवन संपूर्ण जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है और इसी समय की मेहनत और अनुशासन भविष्य में सफलता, सम्मान और जीवन की स्थिरता प्रदान करते हैं। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


