स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से ही विकसित होगा देश

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के उद्देश्य से कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) व स्वदेशी जागरण मंच की ओर से निकाली गई ‘स्वदेशी संकल्प यात्रा’ मंगलवार को अंबिकापुर पहुंची। महाराष्ट्र के नागपुर से शुरू हुई यह यात्रा देशभर में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और जन-जागरूकता फैलाने का संदेश लेकर विभिन्न राज्यों में भ्रमण कर रही है। अंबिकापुर आगमन पर यात्रा का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल और नगर निगम के सभापति हरमिंदर सिंह ने यात्रा दल का स्वागत किया। मंत्री अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत का आधार स्वदेशी सोच और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रक्षा उत्पादन में भारत की आत्मनिर्भरता का उल्लेख किया और कहा कि भारत आज एक निर्यातक देश के रूप में उभर रहा है। उन्होंने इस जागरूकता यात्रा के लिए सीएआईटी का आभार जताया। सभा को सभापति हरमिंदर सिंह और सीएआईटी के संभाग प्रभारी शंकर बजाज ने भी संबोधित किया। इसके बाद यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए घड़ी चौक पहुंची, जहां महापौर मंजूषा भगत ने यात्रा का स्वागत किया। महापौर ने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक द्वारा स्वदेशी उत्पादों को अपनाना जरूरी है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया और यात्रा को आगे के गंतव्य के लिए रवाना किया। कार्यक्रम का संचालन सीएआईटी प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी ने किया। नगर भ्रमण के दौरान सीएआईटी के विभिन्न पदाधिकारी जैसे मुकेश अग्रवाल, अभिषेक सिंह, अजीत अग्रवाल, सुनिल अग्रवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। यात्रा का स्वागत संगम चौक, देवीगंज रोड, आनंद साइकल परिसर और घड़ी चौक में भी किया गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों और भाजपा पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *