ध्रौलपुर जिला शिक्षा अधिकारी ने फर्जी तरीके से शारीरिक शिक्षा शिक्षक बने 12 लोगों को बर्खास्त कर दिया है। आरोपी 16 महीने से जिले के सरकारी स्कूलों में सभी शारीरिक शिक्षक नौकरी कर रहे थे। दो पीटीआई सैंपऊ ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल नरसिंहगढ़ और नयापुरा मालोनी खुर्द में तैनात थे। यह फर्जीवाड़ा राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड जयपुर द्वारा की गई शारीरिक शिक्षा शिक्षक सीधी भर्ती-2022 में हुआ है। शिक्षा विभाग में हड़कंप
मामले का खुलासा होने पर शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सुक्खो देवी के द्वारा 14 जनवरी को कार्यालय से आदेश जारी कर आरोपियों को बर्खास्त किया गया है। जयपुर स्तर पर गठित कमेटी की रिपोर्ट में गंभीर फर्जीवाड़ा साबित होने पर शारीरिक शिक्षा शिक्षक भर्ती 2022 में चयनित होकर धौलपुर जिले में नौकरी कर रहे अभ्यर्थियों पर गाज गिरी है। चयन बोर्ड द्वारा राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल नरसिंहगढ़ में तैनात शारीरिक शिक्षक कान्ता गोदारा पुत्री हंसराज के रोल नम्बर 714880 के ऑनलाइन व ऑफलाइन दस्तावेजों में गंभीर विसंगतियां पाई है। ऐसे पकड़ी गई गड़बड़ी
सैंपऊ ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल नरसिंहगढ़ में तैनात शारीरिक शिक्षक कांता गोदारा द्वारा दिनांक 21 जुलाई 2022 को आवेदन पत्र भरा गया, जिसमें उसके द्वारा बीपीएड जेएस शिकोहाबाद विश्वविद्यालय से करना बताया गया है। रोल नं. 201330004057 परिणाम के कॉलम में ऐपीयरिंग / अवेटेड एवं प्रतिशत कॉलम में N/A प्रतिशत दर्शाया गया है। जबकि दस्तावेज सत्यापन के समय एवं रुकूटिनी फॉर्म में जेएस शिकोहाबाद विश्वविद्यालय की बीपीएड की डिग्री लगाई है। जिसमें चतुर्थ सेमेस्टर की ऑनलाइन अंकतालिका में रोल नं 201330004067 उत्तीर्ण होने का वर्ष 23 सितम्बर 2022 अप्रमाणित / असत्यापित्त अंकतालिका दर्शाई गई है। इसी तरह अभ्यर्थी द्वारा प्रस्तुत डिग्री की चारो सेमेस्टर की अंकतालिका में रोल नं. भी समान है, जबकि किसी विद्यार्थी का विश्वविद्यालय में एनरोलमेंट नम्बर समान हो सकता है, लेकिन रोल नं. चारों सेमेस्टर का समान नहीं हो सकता। जांच के दौरान अभ्यर्थी का जबाव संतोषप्रद नहीं पाया गया है और आवेदन पत्र में दर्ज सूचनाओं दस्तावेज सत्यापन के समय प्रस्तुत दस्तावेजों में गम्भीर मिसमैच/ विसंगति पाए जाने पर अभ्यर्थी को अपात्र किया गया है। इसी तरह रवि गुर्जर पुत्र रमेश चंद्र गुर्जर निवासी मानपुर थाना कोलारी हाल तैनात राज्य क्यों उच्च प्राथमिक स्कूल नयापुरा मालोनी खुर्द को भी दस्तावेजों में गड़बड़ी के चलते नियुक्ति को निरस्त किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी बोलने में दिखी असहज
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी सुक्खो देवी असहज दिखी है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा बर्खास्त किए गए 10 अभ्यर्थियों के नाम नहीं बताए हैं। उन्होंने बताया शारीरिक शिक्षकों को बर्खास्त कर मामले की सूचना डायरेक्टर को भेजी है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


