शिक्षा विभाग ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत शाला दर्पण पर आधारित 12 बिन्दुओं के आधार पर फरवरी माह की रैंकिंग जारी की है। जिसमें उच्चैन ब्लाॅक ने रैंकिंग में प्रदेश में 9 वां एवं भरतपुर संभाग प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उच्चैन सीबीईओ धर्म सिंह ने बताया कि स्कूलों में पुस्तक वितरण, इंस्पायर अवार्ड और गार्गी पुरस्कार आदि ने ब्लाक की रैंकिंग सुधारी है। शाला दर्पण पोर्टल पर प्रदेश के सभी ब्लाकों की रैंकिंग प्रतिमाह निकाली जाती है। जिसमें ब्लाॅक उच्चैन 51.99 अंक के साथ प्रदेश में 9 वां एवं भरतपुर संभाग व जिले में प्रथम पायदान पर रहा है। प्रदेश की रैंकिंग में झुंझनू का ब्लाॅक सिंघाना 53.40 अंक के साथ प्रथम एवं हनुमानगढ़ जिले का भदरा ब्लाॅक 53.03 अंक के साथ द्वितीय स्थान पर रहा है। शाला दर्पण प्रभारी सोनू गोयल ने बताया कि शाला दर्पण पर फीडिंग एवं विभिन्न सुधारात्मक प्रयास करने से फरवरी माह में उच्चैन ब्लाॅक भरतपुर संभाग व जिले में पहले व प्रदेश में 9 वें स्थान पर पहुंच गया है। कार्मिकों की दैनिक उपस्थिति की प्रविष्टि, गार्गी अवार्ड सहित 12 बिंदुओं पर मिलती है रैंक उच्चैन सीबीईओ कार्यालय के शाला दर्पण प्रभारी सोनू गोयल ने बताया कि शाला दर्पण पोर्टल पर ब्लॉक रैंकिंग के 12 बिंदु निर्धारित किए गए हैं। इनमें नामांकन वृद्धि, विद्यार्थियों एवं कार्मिकों की दैनिक उपस्थिति की प्रविष्टि, जन आधार प्रमाणीकरण, ज्ञान संकल्प पोर्टल पर प्राप्त राशि, एसएमसी एवं एसडीएमसी बैठकों की औसत संख्या, इंस्पायर अवार्ड, गार्गी अवार्ड, कला उत्सव, एनएमएमएस के अंक, पुस्तकालय की पुस्तकों का प्रतिमाह वितरण, बोर्ड परीक्षा में चार एवं पांच स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाले स्कूलों का प्रतिशत, खेल मैदान का विकसित करना, आईसीटी लैब युक्त स्कूलों का प्रतिशत, ब्लॉक में उजियारी पंचायतों का प्रतिशत के आधार पर पोर्टल पर रैंकिंग अंकों के हिसाब से दर्ज की जाती है। प्रदेश में कौनसा ब्लाॅक किस रैंकिंग में आया… शाला दर्पण पर उपलब्ध डाटा के आधार पर तैयार की गई रैंकिंग में झुंझनू के सिंघाना ने 53.40 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। साथ ही 53.03 अंक के साथ हनुमानगढ़ का भदरा द्वितीय, हनुमानगढ़ का सांगरिया 52.99 अंक के साथ तृतीय, अजमेर का श्रीनगर 52.63 अंक के चाैथे, टोंक के पीपलू ने 52.60 अंक साथ पांचवे, नागौर के डीडवाना ने 52.59 अंक के साथ छठवें, चूरू के तारानगर ने 52.45 अंक के साथ सातवें, सीकर के नीमकाथाना ने 52.06 अंक के साथ आठवे, भरतपुर के उच्चैन ने 51.99 अंक के साथ नौवें, उदयपुर के जयसमंद ने 51.90 अंक के साथ दसवें पायदान पर रहे है।


