बैकुंठपुर | एमसीबी जिले के ब्लाक भरतपुर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के शुभारंभ पर शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। प्राथमिक शाला बहरासी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सरपंच चंद्रभान बैगा, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष वीरभान बैगा, संकुल प्राचार्य सच्चिदानंद साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत नवप्रवेशी बच्चों के स्वागत से हुई, जहां उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया एवं मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर प्रार्थना की गई। बच्चों को रोली-चंदन लगाकर मिठाई खिलाई गई एवं शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं, पालकों एवं जनप्रतिनिधियों के लिए स्नेह भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें चावल, दाल, पूड़ी, सब्जी और सेवई परोसी गई। कार्यक्रम में संकुल समन्वयक रामनिवास चतुर्वेदी, राजकुमार गुप्ता, प्रधान पाठिका रईसा बी, शिक्षिका सीमा रजक आदि मौजूद रहीं।


