सागर के रतौना में स्थित शासकीय गोकुल ग्राम पशु प्रजनन प्रक्षेत्र में पदस्थ लेखापाल से गुरुवार को मारपीट की गई। लेखापाल ने शासकीय परिसर से मिट्टी की अवैध रूप से खुदाई करने के लिए मना किया था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मामले में लेखापाल की शिकायत पर मोतीनगर पुलिस ने एक नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, फरियादी लेखापाल राजकिशोर दुबे निवासी बजरंग नगर छतरपुर हाल निवास शासकीय गोकुल ग्राम पशु प्रजनन प्रक्षेत्र रतौना ने थाने में शिकायत की। शिकायत में बताया कि गुरुवार को वह अपनी ड्यूटी पर थे। तभी ग्राम रतौना निवासी कपिल पाराशर और उनके दो साथी आए। शासकीय परिसर में बगैर अनुमति के अपने ट्रैक्टर में परिसर के अंदर की मिट्टी खोदकर भरकर लाए। उन्हें शासकीय परिसर से मिट्टी खोदने मना किया। इसी बात को लेकर कपिल पाराशर ने गाली-गलौज शुरू कर दी। प्रबंधक मौके पर आए तो उनसे भी गालीगलौज की विवाद होते देख मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारी प्रबंधक डॉ. राकेश गौतम को दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर आ गए। जहां आरोपियों ने उनके साथ भी गालगीलौज की। गाली देने से मना किया तो मेरे साथ मारपीट करने लगे। विवाद होते देख आसपास काम कर रहे मजदूर मौके पर आए और बीचबचाव कर मामला शांत कराया। मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस आते देख आरोपी मौके से भाग गए। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि गोकुल ग्राम पशु प्रजनन प्रक्षेत्र के लेखापाल ने मारपीट की शिकायत की है। शिकायत पर कपिल पाराशर समेत तीन पर मामला दर्ज कर जांच में लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।


