शासकीय गोचर भूमि का सीमांकन कर अतिक्रमण हटाने की मांग:आगर मालवा कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनसुनवाई में ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

आगर मालवा के ग्राम पंचायत सिंगलिया के ग्रामीण मंगलवार को बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या का निराकरण करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि 3 ग्राम सिंगलिया, ग्राम कडवाला और ग्राम फुलखेड़ी में सैकड़ों बीघा शासकीय गोचर भूमि है, लेकिन गांव के कई लोगों ने शासकीय भूमियों पर अतिक्रमण कर लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि अतिक्रमण की वजह से ग्राम पंचायत शासकीय गोचर भूमियों पर कोई कार्य नहीं कर पा रही है। गोशाला संचालन में भी भारी परेशानी हो रही है। किसानों के बीच भी शासकीय भूमि पर अतिक्रमण होने के कारण रस्ते से निकलने को लेकर विवाद होता रहता है। साथ ही शासकीय गोचर भूमि अतिक्रमण मुक्त नहीं होने से आए दिन गायों की भूख से मृत्यु होती रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय भूमि का अतिक्रमण हटाने के लिए पहले भी कई सारे आवेदन तहसीलदार बड़ौद के कार्यालय में दिए गए हैं लेकिन अब तक किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने शासकीय गोचर भूमियों से अतिक्रमण हटाए जाने का आदेश देने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *