बम्हनीडीह | अब तक किराए के भवन में संचालित हो रहा जिला सहकारी बैंक बम्हनीडीह जल्द ही अपने शासकीय भवन से कार्य करने लगेगा। दरअसल, बैंक का भवन निर्माण कार्य वर्षों पहले जिला सहकारी बैंक मर्यादित बिलासपुर द्वारा शुरू कराया गया था, लेकिन कागजी अड़चनों की वजह से यह अधूरा रह गया था। इस समस्या को लेकर पूर्व सरपंच मालती राजकुमार पटेल ने लगातार पहल की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पत्राचार कर अधूरी कागजी कार्यवाही पूरी करवाई और जिला सहकारी बैंक मर्यादित बिलासपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील सोढ़ी से मिलकर भवन में शीघ्र बैंक संचालन की मांग रखी। पूर्व सरपंच की इस पहल पर सीईओ सुनील सोढ़ी स्वयं बम्हनीडीह पहुंचे और भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी 1 नवंबर से पहले बैंक का संचालन बाजार मोहल्ला स्थित नए भवन से शुरू कर दिया जाएगा। इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि राजकुमार पटेल, बजरंग दल जिला सह संयोजक मयंक सराफ सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। नगरवासियों का मानना है कि भवन के पूर्ण होने से अब बैंकिंग कार्यों में लोगों को सुविधा मिलेगी और किराए पर संचालित व्यवस्था से मुक्ति मिलेगी।


