शासकीय वल्लभाचार्य कॉलेज ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में जीता खिताब

भास्कर न्यूज| महासमुंद शासकीय बद्री प्रसाद महाविद्यालय बागबाहरा के तत्वावधान में आयोजित महाविद्यालयीन सेक्टर स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला वर्ग) रोमांचक मुकाबलों के साथ संपन्न हुई। इस स्पर्धा में क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया, लेकिन अंततः महासमुंद की टीम ने दोहरे खिताब पर कब्जा जमाकर इतिहास रच दिया। प्रतियोगिता में बागबाहरा, बलौदाबाजार, भाटापारा, भटगांव और माता कर्मा महाविद्यालय सहित शासकीय वल्लभाचार्य महाविद्यालय महासमुंद की टीमों ने हिस्सा लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान महासमुंद जिला हैंडबॉल संघ के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। ​शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए शासकीय वल्लभाचार्य महाविद्यालय महासमुंद की पुरुष और महिला, दोनों ही टीमों ने फाइनल मुकाबले जीतकर विजेता होने का गौरव प्राप्त किया। ​विजेता प्रतिभाओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान सभी विजेता और उप-विजेता खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। शासकीय वल्लभाचार्य महाविद्यालय के खेल अधिकारी दिलीप लहरे ने कहा कि खेल हमें अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं। बागबाहरा में आयोजित इस प्रतियोगिता का स्तर बेहद सराहनीय रहा और खिलाड़ियों के भीतर गजब का उत्साह देखने को मिला। इस सफल आयोजन के लिए शासकीय बद्री प्रसाद महाविद्यालय की खेल अधिकारी पालम दीवान एवं उनकी पूरी टीम की सराहना की गई। इस मौके पर शासकीय रावतपुरा महाविद्यालय के खेल अधिकारी प्रमेश खरे, कपिल पेंदारिया, शुभम यादव, अजय नेताम, आशुतोष ठाकुर, दुलामनी रोतीयां, आदित्य चंद्राकर, सिपितन रजा, मुकेश सोनी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *