शिअद नेता का वीडियो वायरल, दोनों हाथों में पिस्तौल ले की हवाई फायरिंग

भास्कर न्यूज |लुधियाना लुधियाना के हलका दाखा से शिरोमणि अकाली दल (बादल) के सीनियर नेता और क्षेत्र के इंचार्ज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुलेआम दोनों हाथों में पिस्तौल लेकर हवाई फायरिंग करता नजर आ रहा है। वीडियो चुनाव आचार संहिता के बीच सामने आया है, जिससे पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह वीडियो साउथ सिटी रोड इलाके का बताया जा रहा है। इसमें नेता एक के बाद एक दोनों पिस्तौलों को लोड कर चार राउंड फायर करता है। यह नेता शिअद बादल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल का करीबी बताया जा रहा है। अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि फायरिंग में इस्तेमाल की गई पिस्तौलें उसकी अपनी हैं या किसी और की। साथ ही यह भी जांच का विषय बना हुआ है कि क्या इन हथियारों के वैध आर्म्स लाइसेंस बने हुए हैं या नहीं। अगर ये पिस्तौलें उसकी हैं, तो चुनाव कोड लागू होने के बाद यह सवाल भी उठता है कि इन्हें पुलिस के पास जमा क्यों नहीं करवाया गया। डीसीपी रूपिंदर सिंह ने मामले में बताया कि वीडियो की जांच करवाई जा रही है। जो भी युवक फायरिंग करता नजर आ रहा है, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक बनती कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *