शिकायत: किराना व जनरल स्टोर पर बेची जा रहीं दवाएं

भास्कर न्यूज| अंबिकापुर सरगुजा औषधि विक्रेता संघ अंबिकापुर ने जिले में बिना ड्रग लाइसेंस के किराना, जनरल स्टोर व अन्य अनधिकृत दुकानों में हो रही दवाओं की बिक्री पर चिंता व्यक्त कर प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की है। संघ के अध्यक्ष अमित मिंटू अग्रवाल, सचिव अजय पाठक, कोषाध्यक्ष प्रकाश श्रीवास्तव सहित राधेश्याम अग्रवाल, सुदामा बंसल, सुमित अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, शैलेंद्र गुप्ता, लोकेश सोनी, प्रदीप शर्मा और उपाध्यक्ष नरेंद्र विश्वकर्मा सहित अन्य सदस्यों ने सहायक औषधि नियंत्रक और औषधि निरीक्षक अनिल पैकरा और अमरेश तिर्की को इस समस्या से अवगत कराया। संघ के अनुसार कई किराना व जनरल स्टोर्स में बिना किसी वैध लाइसेंस के दवाइयों का भंडारण और विक्रय किया जा रहा है, जो दवा व प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 का स्पष्ट उल्लंघन है। प्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसी गतिविधियां न केवल जनस्वास्थ्य के लिए खतरनाक है, बल्कि वैध लाइसेंसधारी केमिस्टों के हितों को भी प्रतिकूल रूप से प्रभावित करती है। बिना प्रशिक्षित व्यक्तियों द्वारा दवा बिक्री से गलत दवा सेवन, दुष्प्रभाव, गंभीर चिकित्सकीय जटिलताएं और जनजीवन को जोखिम में डालने वाली स्थितियां उत्पन्न होने की आशंका रहती है। संघ ने मांग की है कि जिले में सभी बिना अनुज्ञप्ति वाली दुकानों की सघन जांच कर अवैध दवा भंडारण और विक्रय की पुष्टि की जाए और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने निगरानी प्रणाली को मजबूत करने व सख्त प्रवर्तन सुनिश्चित करने की जरूरत बताई। संगठन ने कहा कि वैध लाइसेंसधारी केमिस्टों के हितों की सुरक्षा और दवा विक्रय व्यवस्था को कानूनसम्मत व सुरक्षित बनाए रखने प्रशासन से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए। संघ ने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है, जिससे जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और वैध दवा व्यापार को संरक्षण मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *