भास्कर न्यूज |गोधना नवागढ़ विकासखंड के टेल एरिया स्थित गोधना, कुरियारी और बोरदा गांवों की नहरों में आखिरकार पानी की धार बहने लगी है। खेतों में सिंचाई के लिए पानी न मिलने से परेशान किसानों ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर नहरों से पानी छोड़ने की मांग की थी। कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर नहरों में पानी छोड़ने के निर्देश दिए। गुरुवार को इसका असर साफ दिखा और पानी पहुंचते ही किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई। इससे धान की सूख रही फसल को नया जीवन मिला है, जिसकी वजह से किसानों को भारी नुकसान की आशंका सता रही थी। खेतों में खड़ी फसल अब सुरक्षित नजर आ रही है। किसान जगन्नाथ यादव ने कहा, “अब हमारी मेहनत बेकार नहीं जाएगी।” ग्रामीणों का कहना है कि समय पर पानी मिलने से फसल बच जाएगी और पैदावार भी अच्छी होगी। प्रशासन की इस तत्परता से गांव में हर्ष का माहौल है और किसान उम्मीद कर रहे हैं कि आगे भी जरूरत पड़ने पर इसी तरह मदद मिलेगी।


