भास्कर संवाददाता | भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने शनिवार को उर्वरक स्टॉक का निर्धारित दर पर विक्रय, उसके लिए सभी उर्वरक निरीक्षकों को निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि सभी उर्वरक निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्र में निजी विक्रेताओं का स्टॉक निरीक्षण करें। उत्तर प्रदेश का बॉर्डर वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखें। जिससे जिले से उर्वरक की कालाबाजारी को प्रतिबंधित किया जा सके और जिले के किसानों को उनकी आवश्यकता अनुसार उर्वरक उपलब्धता सुगम हो सके। वहीं दुकान पर स्टॉक और दर स्पष्ट डिस्प्ले कराएं। उन्होंने कहा कि निर्धारित दर से अधिक दाम में उर्वरक विक्रय की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि उर्वरक खरीदते समय पास बिल या अन्य आदान खरीदते समय बिल की मांग जरूर करें। इधर उप संचालक कृषि राम सुजान शर्मा ने किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि किसान पास की रशीद की मांग करें, साथ ही नैनो यूरिया का अधिक से अधिक उपयोग करें। निर्धारित उर्वरक दर यूरिया 266.50 रुपए प्रति बैग, नैनो बॉटल 225 रुपए, डीएपी 1350 रुपए, एपीएस 1200 रुपए, एनपीके 1470 रुपए, नैनो डीएपी 600 रुपए है।


