भास्कर संवाददाता | भिंड शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात को मौसम में बदलाव आने के बाद रुक रुक कर बरसात हुई। शहर में हुई इस बरसात के कारण ज्यादातर वार्डों की गलियों में सड़कों पर पानी जमा हो गया। इसके अलावा रास्तों पर कीचड़ होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण शहर की सब्जी मंडी में कीचड़ और कचरे के कारण हालत बदतर होने से यहां सब्जी खरीदने पहुंचे नागरिकों को भारी दिक्कत हुई। देर रात बरसात के बाद शनिवार सुबह शहरवासियों को उनके गली मोहल्लों की सड़कों पर पानी भरा हुआ मिला। स्थिति यह रही कि घरों के बाहर सड़कों पर पानी जमा होने से रास्ते पर कीचड़ हो गया। जिसके कारण इन सड़कों पर निकलने वाले पैदल राहगीर और दोपहिया वाहन चालक परेशान होते रहे। शहर के पुरानी बस्ती, स्वतंत्र नगर, संदुरपुरा, बीटीआई रोड, विकास नगर, भीम नगर, भवानी पुरा, राधा कॉलोनी, सर्किट हाउस के आसपास, गोविंद नगर, श्रीकृष्ण नगर, राम नगर सहित दर्जनों मोहल्लों में जल भराव और कीचड़ पसरने की समस्या सामने आई।बीते रोज देर रात बरसात के चलते शहर की सब्जी मंडी की हालत ज्यादा खराब हो गई। सब्जी मंडी से कचरा उठाव न होने के कारण बारिश होने के बाद सड़क पर गंदगी और कीचड़ पसर गया। ऐसे में शनिवार को सब्जी मंडी में सब्जी लेने पहुंचे नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात यह रहे कि मंडी परिसर में गंदगी के और कीचड़ के कारण पैदल चलना भी दूभर हो गया। इस बीच कई नागरिक कीचड़ होने से फिसलते रहे।


