फागलिया स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों की अनूठी पहल से विद्यार्थियों को शुद्ध हरी सब्जियां निशुल्क मिल रही है। यहां पर कार्यरत शिक्षक भोपालसिंह चौहान विद्यालय समय के बाद स्टाफ व विद्यार्थियों के सहयोग से किचन गार्डन में सब्जियां उगाते हैं। ऐसे में विद्यार्थी शिक्षा के साथ साथ खेती की जानकारी भी प्राप्त कर रहे हैं।
बाजार में मिलने वाली केमिकल की सब्जियों से छुटकारा मिल रहा है। स्कूल में पीएम श्री योजना व ग्रामीणों के सहयोग से लगभग 1.5 बीघा में किचन गार्डन तैयार किया है। बाजार में बिकने वाली महंगे दामों की सब्जियां विद्यार्थियों के साथ स्टाफ को भी निशुल्क उपलब्ध हो रही है। यहां ककड़ी, पालक, धनिया, गाजर, मूली,प्याज, चंदेला, मोगरी सहित मौसम के अनुकूल सब्जियों को उगाकर विद्यार्थियों को वितरित की जाती हैं। बाजार में पालक 60, चंदेला 50, मूली 30, गाजर 40 व मोगरी 60 से 80 रुपए किलो बिक रही है। जबकि विद्यालय में सप्ताह में एक दिन करीब 300 विद्यार्थियों को ऑर्गेनिक सब्जियां निशुल्क वितरित की जाती है। वहीं मिड डे मील भोजन में भी ताजा सब्जी उपयोग में ली जाती है। छात्र सीख रहे पढ़ाई के साथ ऑर्गेनिक खेती के गुर, खाद-बीज की जानकारी ले रहे स्कूल में 1.50 बीघा जमीन पर उगाई गई अलग-अलग सब्जियों की देखरेख करना सहित कई अन्य कार्य शिक्षा के साथ साथ सीख रहे हैं। यहां कक्षा 9 से 12 के लगभग 100 के करीब विद्यार्थी किचन गार्डन की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही इनमें प्राकृतिक खाद क्या देनी है और इस खाद को कैसे तैयार करना और पौधों में कितना कितना देना है, आदि पूरी जानकारी सीख रहे हैं। शिक्षक भोपालसिंह चौहान के अनुसार स्कूल में बिना रासायनिक खाद के सब्जियां उगाकर मिड डे मील बनाया जाता है। यहां सप्ताह में एक बार 300 के करीब विद्यार्थियों को निशुल्क सब्जियां वितरण भी कर रहे हैं। “किचन गार्डन का उद्देश्य विद्यार्थियों को घर पर ऑर्गेनिक खेती व किचन गार्डन के लिए प्रेरित करना है ताकि ताजा सब्जी उपलब्ध हो सके। विद्यालय में कृषि व विज्ञान संकाय होने के कारण ऑर्गेनिक खेती के बारे में जानकारी मिलती है।” -देवाराम बोला, प्रधानाचार्य


