समर्पित शासकीय शिक्षक समूह सागर द्वारा शासकीय विद्यालय में कक्षा-10वीं मंे टॉप आने वाले 101 विद्यार्थियों को सम्मानित किया। हर स्कूल के एक-एक टॉपर विद्यार्थी का सम्मान किया गया। इनमें 68 छात्राएं शामिल हैं। आयोजन का यह दूसरा साल है। बीते साल 85 विद्यार्थियों का सम्मान हुआ था। बीते साल के मुकाबले 16 विद्यार्थी बढ़ गए। विधायक शैलेंद्र जैन, प्रदीप लारिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत एवं विधायक प्रतिनिधि प्रियंका पटैरिया के आतिथ्य में हुए आयोजन में जिले के 10 विकासखंडों से आए विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि यह कार्यक्रम अपने आप में एक विशेष कार्यक्रम है। इसमें जिला मुख्यालय की शालाओं से लेकर जिले के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में स्थित शासकीय विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्रों को मंच मिलता है एवं उनके अभिभावक भी मंच पर आकर गौरवान्वित होते हैं। सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा यह कार्यक्रम अपने आप में एक विशिष्ट प्रतिभा सम्मान समारोह इसलिए भी क्योंकि सम्मानित होने वाले छात्र का मानदंड कोई प्रतिशत विशेष न रखकर अपनी अपनी संस्था में टॉप करने वाले उस हर एक प्रतिभाशाली छात्र का सम्मान होता है, जिसने अपने विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों के साथ अपनी संस्था में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने समर्पित शासकीय शिक्षकों की सहयोग राशि के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की प्रशंसा की। उन्होंने पिछले वर्ष इस विशेष प्रकार के छात्र सम्मान समारोह से प्रभावित होकर मंच से बोला था कि जो शिक्षक समर्पित भाव से ऐसे समारोह में अपनी सहभागिता करते हैं उन्हें मैं अपनी ओर से प्रशस्ति देकर उनका सम्मान करूंगा। इस वर्ष सभी 201 समर्पित शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र उनकी ओर से दिए गए। देवरी विधायक प्रतिनिधि प्रियंका पटैरिया ने कहा मैं इस कार्यक्रम के आयोजन करने वाले समर्पित शासकीय शिक्षक समूह नाम से ही प्रभावित हूं जिसमें शासकीय शालाओं में कार्यरत प्राचार्यों सहित अनेक शिक्षकों ने समर्पण की भावना से शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम का आयोजन करते हैं। इनमें 98.2 प्रतिशत अंक लेने और प्रदेश में 10वां स्थान हासिल करने वाली बंडा ब्लॉक रोशनी खरे, 97 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली नयाखेड़ा स्कूल की समृद्धि दांगी से लेकर 70 प्रतिशत तक अंक हासिल करने वाले अन्य स्कूलों के विद्यार्थी भी सम्मानित हुए। विद्यार्थियों को उपहार स्वरूप डॉक्यूमंेट फाइल, स्मृति चिन्ह जिसमें डॉ. हरीसिंह गौर, विद्यार्थी, सहयोगी शिक्षक एवं क्षेत्रीय विधायक की फोटो, मेडल और डीईओ-जेडी के हस्ताक्षर युक्त प्रशस्ति-पत्र दिए गए। प्रांतीय शिक्षक संघ मध्यप्रदेश के महासचिव एवं समर्पित शासकीय शिक्षक समूह सागर के जिला संयोजक शैलेंद्र सिंह ठाकुर गंभीरिया ने बताया मेरा शासकीय शालाओं में पढ़ाने का 25 वर्ष का अनुभव है। यह बात बिल्कुल सही है कि शासकीय शालाओं में पढ़ने वाले विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र की शालाओं में अध्यनरत 90 प्रतिशत छात्र-छात्राएं अभावग्रस्त रहते हैं। 80 प्रतिशत बच्चे अपने परिवार के कार्यों में भी हाथ बटाते हैं, इसके बावजूद वो अच्छा प्रदर्शन करते हैं। अपनी संस्था में टॉप करते हैं तो उनका सम्मान तो होना ही चाहिए। बढ़ रहे शिक्षक, पिछले साल 156 थे, प्राइमरी- मिडिल के भी जुड़े ठाकुर के मुताबिक पिछले वर्ष 156 शिक्षक साथियों ने तो इस वर्ष 201 शिक्षक साथियों ने समर्पित भाव से इस आयोजन में सहयोग किया। इनमें प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के शिक्षक भी शामिल हैं। समाज सेवी गुलझारीलाल जैन एवं सुरखी नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सरमन सिंह राजपूत ने कार्यक्रम की प्रशंसा की। कार्यक्रम में हरिहर मिश्रा, बालकृष्ण अहिरवार, महेंद्र लोधी, शैलेंद्र राजपूत, राजकुमार लोधी, दीपा अहिरवार, नीलू पाराशर, संध्या साहू, गोविंद रहली, विवेक सोनी बंडा, भरत सिंह देवरी, अरुण दुबे, अनिल दुबे राहतगढ़, हेमंत ठाकुर, अजीम खान, योगेंद्र चंदेल सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। संचालन रंजीत सिंह लोधी ने किया।


